CG Job: एमसीबी जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर की ओर से 16 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला जिला रोजगार कार्यालय मनेन्द्रगढ़ में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा।
इस प्लेसमेंट कैंप में विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा कुल 265 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई और अग्निशामक डिप्लोमा उत्तीर्ण महिला और पुरुष अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार शामिल हो सकेंगे।
कई पदों पर भर्ती
रोजगार मेले में अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन संस्थान, स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड, श्रमिक टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड और टीमलीज सर्विसेज लिमिटेड सहित कई निजी कंपनियां भाग लेंगी।
इन कंपनियों द्वारा फायरमैन, सुरक्षा गार्ड, पैकेजिंग स्टाफ, चालक, वार्ड बॉय, फील्ड अधिकारी, मीटर स्थापना और पिकर-पैकर जैसे विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित युवाओं को पद और योग्यता के अनुसार 8 हजार से 25 हजार रुपए तक प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। कुछ कंपनियों की ओर से आवास और मेस-कैंटीन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलावा रायपुर और अन्य निर्धारित स्थानों पर की जाएगी।
ऑनलाइन पंजीयन जरूरी, कोई शुल्क नहीं लगेगा
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल https://erojgar.cg.gov.in/ या सीजी रोजगार पंजीयन ऐप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन होना अनिवार्य है। केवल पंजीकृत अभ्यर्थी ही प्लेसमेंट कैंप में भाग ले सकेंगे।
इच्छुक युवाओं को अपने शैक्षणिक और तकनीकी योग्यता प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा। रोजगार मेले में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।


