Raipur News: फर्जी ख़बरों से ब्लैकमेलिंग करने पर दीपक टंडन गिरफ्तार, AI से बनाता था आपत्तिजनक तस्वीरें

Deepak Tandon

Raipur News: रायपुर के होटल कारोबारी और न्यूज पोर्टल संचालक दीपक टंडन को बिलासपुर पुलिस ने फर्जी खबरें प्रकाशित कर लोगों को ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित एक अपार्टमेंट से पकड़ा। आरोप है कि वह कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद से लोगों की तस्वीरों में छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार करता था और उसे न्यूज पोर्टल व सोशल मीडिया पर प्रकाशित कर ब्लैकमेल करता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में मोबाइल से कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिलने की जानकारी सामने आई है। डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी है।

शिकायत के बाद हुई कार्रवाई

बिलासपुर पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर को तिफरा निवासी मणीशंकर पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनकी तस्वीरों को AI के जरिए संपादित कर भ्रामक और आपत्तिजनक खबरें तैयार की गईं तथा उन्हें सोशल मीडिया और न्यूज पोर्टल पर प्रसारित कर उनकी छवि खराब करने और ब्लैकमेल करने का प्रयास किया गया।

जांच के दौरान दीपक टंडन की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। लोकेशन रायपुर में मिलने पर 6 नवंबर को दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

मोबाइल जब्त

पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जब्त किए गए मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। मामले में ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और अन्य संभावित आरोपों के संबंध में जांच जारी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

DSP कल्पना वर्मा मामले से आया था चर्चा में

दीपक टंडन इससे पहले तत्कालीन DSP कल्पना वर्मा पर गंभीर आरोप लगाकर सुर्खियों में आया था। उसने दावा किया था कि उसे प्रेमजाल में फंसाकर करोड़ों रुपये, महंगी गाड़ी और आभूषण लिए गए। वहीं कल्पना वर्मा ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा था कि उनकी सोशल मीडिया तस्वीरों का दुरुपयोग कर फर्जी चैट तैयार किए गए हैं और उन्होंने कानूनी कार्रवाई की बात भी कही थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *