Raipur Jewellery Theft: रायपुर के सदर बाजार हलवाई लाइन स्थित आनंद ज्वेलर्स में धनतेरस के दिन एक महिला ने ग्राहक बनकर सोने का हार चोरी कर लिया। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
दुकान संचालक आनंद पारख के अनुसार, महिला ग्राहक बनकर दुकान पहुंची थी। उसने कर्मचारियों का ध्यान भटकाकर काउंटर पर रखा सोने का हार चुरा लिया और उसे अपनी साड़ी में छिपाकर वहां से निकल गई।
CCTV में कैद हुई चोरी की वारदात
दुकान में स्टॉक जांच के दौरान जब सोने का हार गायब मिला तो कर्मचारियों को चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद दुकान में लगे CCTV कैमरों की जांच की गई। CCTV फुटेज में एक महिला साड़ी पहने हुए काउंटर के पास खड़ी दिखाई दे रही है। फुटेज में महिला बड़ी चालाकी से हार उठाकर छिपाती नजर आ रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर महिला की पहचान शुरू कर दी है। आसपास की दुकानों और अन्य स्थानों के कैमरों की भी जांच की जा रही है।

