Raipur Traffic Plan: रायपुर में खारुन नदी पर बनेगा नया फोरलेन पुल, टाटीबंध से नेहरू नगर तक यातायात सुधार के लिए 163 करोड़ का प्लान

Raipur Traffic Plan: रायपुर के टाटीबंध चौक से नेहरू नगर चौक तक यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एनएच पीडब्ल्यूडी ने नई योजना तैयार की है। इसके तहत खारुन नदी पर नया फोरलेन पुल बनाया जाएगा। 26 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर यातायात दबाव कम करने और सड़क हादसों पर नियंत्रण के लिए 163.33 करोड़ रुपए का प्रस्ताव केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय को भेजा गया है।

मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद योजना पर काम शुरू किया जाएगा। एनएच-53 पर मुंबई से कोलकाता और दक्षिणी राज्यों की ओर जाने वाले भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इस मार्ग पर रोजाना करीब सवा लाख वाहन गुजरते हैं, जबकि सड़क की क्षमता करीब 33 हजार वाहनों की है।

वाहनों की संख्या हर साल करीब 5 प्रतिशत बढ़ रही है। इसके कारण कई चौक-चौराहों पर जाम की स्थिति बनती है। सुबह और शाम के समय यातायात व्यवस्था और भी प्रभावित होती है। टाटीबंध से नेहरू नगर तक का सफर, जो सामान्य तौर पर 40 से 45 मिनट में पूरा होना चाहिए, जाम के कारण कई बार डेढ़ घंटे तक पहुंच जाता है।

40 साल पुराने पुल की जगह बनेगा नया फोरलेन पुल

एनएच-53 पर खारुन नदी में वर्तमान में दो पुल हैं। दुर्ग से रायपुर दिशा की ओर बना पुल करीब 40 साल पुराना है, जबकि रायपुर से दुर्ग दिशा का पुल लगभग 22 साल पुराना है।

योजना के तहत दोनों पुराने पुलों के बीच नया फोरलेन पुल बनाया जाएगा। इस पुल की लंबाई करीब 200 मीटर और चौड़ाई 9.50-9.50 मीटर होगी। इसके निर्माण पर करीब 54 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।

18 किलोमीटर हिस्से में लगाए जाएंगे क्रैश बैरियर

टाटीबंध से नेहरू नगर के बीच मेन लेन और सर्विस लेन के बीच करीब 18 किलोमीटर तक आरसीसी क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे। इसके लिए करीब 17 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। क्रैश बैरियर लगने से दोपहिया वाहनों के लिए अलग व्यवस्था हो सकेगी और सड़क सुरक्षा में सुधार आएगा।

सर्विस लेन की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी

योजना के तहत सर्विस लेन को भी चौड़ा किया जाएगा। वर्तमान में सर्विस लेन की चौड़ाई करीब 3 मीटर है, जिसे बढ़ाकर 6 मीटर करने की तैयारी है। इसके लिए करीब 35 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। विभाग के अनुसार, हाईवे किनारे पर्याप्त जगह उपलब्ध है। सर्विस लेन में कई जगह कब्जे होने के कारण मार्ग संकरा हो गया है, जिसे व्यवस्थित किया जाएगा।

चंदनडीह में बनेगा 600 मीटर लंबा फ्लाईओवर

यातायात सुधार योजना के तहत चंदनडीह दिशा में 600 मीटर लंबा फ्लाईओवर भी बनाया जाएगा। इसकी चौड़ाई करीब 30 मीटर होगी। इस फ्लाईओवर पर लगभग 40 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।

चंदनडीह क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही अधिक होने के कारण कई बार हाईवे पर जाम की स्थिति बनती है। फ्लाईओवर बनने के बाद भारी वाहनों के आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *