Raigarh Accident: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक नाबालिग लड़की ने तेज रफ्तार कार चलाते हुए महिला समेत 3 लोगों को कुचल दिया, जिसमें तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने अब लड़की और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। यह हादसा धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हा के चाल्हा चौक के पास 30 अक्टूबर को हुआ था।

घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें क्रमांक CG BE 1285 की बेकाबू कार सड़क किनारे खड़ी महिला और बाइक सवार दो युवकों को रौंदती नजर आ रही है। कार रॉन्ग साइड से आकर सीधी उन्हें टक्कर मारती है। टक्कर के बाद कार से एक लड़की और दो युवक उतरते दिखाई देते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त कार लड़की चला रही थी।


तीनों की मौके पर दर्दनाक मौत
हादसे में रामपुर निवासी ललिता मिंज (35), बाइक सवार फकीर मोहन पटेल (33) निवासी परसदा, और अमित किंडो (26) निवासी मैनपाट की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी प्रभा तिर्की ने बताया कि कार बहुत तेज रफ्तार में थी, जिसने पहले सड़क किनारे खड़ी महिला को टक्कर मारी और फिर बाइक सवारों को कुचल दिया।
सिर फटने से हुई मौत, सड़क पर पड़े रहे शव
टक्कर इतनी भयानक थी कि महिला सड़क पर दूर जाकर गिरी, जबकि दोनों बाइक सवारों में से एक का सिर फट गया और दूसरा सड़क किनारे फेंका गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।

नाबालिग लड़की और पिता गिरफ्तार
जांच में सामने आया कि हादसे के समय कार नाबालिग लड़की चला रही थी। पुलिस ने लड़की को अभिरक्षा में लेकर पिता घनश्याम महिलाने (47) निवासी मिरीगुड़ा को भी आरोपी बनाया है। दोनों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने बताया कि लापरवाही और अभिभावक की जिम्मेदारी न निभाने के चलते पिता पर भी कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा इलाके में रोष और गुस्से का माहौल पैदा कर गया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति कैसे दी जा रही है, जिससे इस तरह के भीषण हादसे हो रहे हैं।
