CG News: शिवरीनारायण को 63 करोड़ से अधिक की सौगात, महानदी पर बनेगा नया पुल

CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिवरीनारायण महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण को कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने महानदी पर 63 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नए पुल के निर्माण, एसटीपी प्लांट की स्थापना और राम वनगमन पर्यटन परिपथ के तहत क्षेत्र के विकास की घोषणा की। साथ ही शिवरीनारायण को नगरपालिका बनाने के लिए आवश्यक सर्वे कराने की बात भी कही।

CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिवरीनारायण महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण को कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने महानदी पर 63 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नए पुल के निर्माण, एसटीपी प्लांट की स्थापना और राम वनगमन पर्यटन परिपथ के तहत क्षेत्र के विकास की घोषणा की। साथ ही शिवरीनारायण को नगरपालिका बनाने के लिए आवश्यक सर्वे कराने की बात भी कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवरीनारायण धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से प्रदेश का महत्वपूर्ण स्थल है। यहां आधुनिक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा ताकि स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। महानदी पर नए पुल के निर्माण से आवागमन आसान होगा और आसपास के गांवों को भी बेहतर संपर्क मिलेगा। वहीं एसटीपी प्लांट बनने से नगर की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी और महानदी के संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

माता शबरी की पावन धरती पर पहुंचने को मुख्यमंत्री ने अपना सौभाग्य बताया। उन्होंने कहा कि यह भूमि आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इस दौरान उन्होंने गौमाता की पूजा की और मां चित्रोत्पला गंगा की महाआरती में शामिल होकर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों आवासों को स्वीकृति दी गई है, जिनमें बड़ी संख्या में मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है। आत्मसमर्पित नक्सलियों और विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए भी हजारों आवास स्वीकृत किए गए हैं।

किसानों के हितों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने धान का बकाया बोनस देने के साथ प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से सुनिश्चित की है। इसके अलावा प्रदेश में 250 से अधिक नए धान खरीदी केंद्र खोले गए हैं। तेंदूपत्ता संग्रहण की दर बढ़ाने और संग्राहकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे फैसलों का भी उल्लेख किया।

महिलाओं के लिए संचालित महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने में मददगार साबित हो रही है। वहीं श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत अब तक करीब 50 हजार श्रद्धालु अयोध्या जाकर दर्शन कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में विकास और शांति का नया दौर शुरू हुआ है। बंद पड़े 421 स्कूलों को दोबारा शुरू किया गया है और दूरस्थ क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, रोजगार तथा आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है।

सुशासन को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से लोगों को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रदेश की हजारों ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं, जहां ग्रामीणों को विभिन्न डिजिटल सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक रामसुंदर दास, नारायण चंदेल सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *