Surajpur School: गरीब छात्रों से कराई गई पुताई, शिकायत पर प्राचार्य बोलीं- मुफ्त में मिल रहा सब, आप पैसा नहीं देते

Surajpur School:

Surajpur School: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के तिलसिवां स्थित मुख्यमंत्री डीएवी पब्लिक स्कूल में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत पढ़ रहे बच्चों से मजदूरी और पुताई कराने का मामला सामने आया है। आरोप स्कूल की प्राचार्य विधु शर्मा पर लगा है। मामले की शिकायत लेकर अभिभावक कलेक्टर जनदर्शन पहुंचे हैं।

सीमेंट-रेत ढुलवाने और पुताई कराने का आरोप

अभिभावकों द्वारा कलेक्टर को सौंपी गई लिखित शिकायत के अनुसार, आरटीई के तहत अध्ययनरत विद्यार्थियों से स्कूल परिसर में सीमेंट और रेत ढुलवाने के साथ-साथ कक्षाओं की पुताई जैसे श्रम कार्य कराए गए। बच्चों ने काम करने से मना किया तो उन्हें स्कूल से निकालने और टीसी काटने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है।

परिजनों से कथित दुर्व्यवहार

शिकायत के अनुसार जब परिजन इस मामले में बात करने स्कूल पहुंचे तो प्राचार्य विधु शर्मा ने कथित रूप से दुर्व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि आपके बच्चों को मुफ्त में बैग, किताबें और बिजली मिल रही है, आपका पैसा नहीं लगता, बाहर जाकर बात कीजिए।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि प्राचार्य स्कूल की एक कक्षा का उपयोग अपने पति के साथ आवास के रूप में कर रही हैं। बच्चों के काम करते हुए फोटो और वीडियो साक्ष्य के रूप में कलेक्टर को सौंपे गए हैं।

जांच समिति गठित

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को जांच के निर्देश दिए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा ने तीन सदस्यीय समिति गठित की है। समिति में लता बेक (सहायक संचालक योजना) को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि हरेंद्र सिंह (बीईओ, सूरजपुर) और पुष्पा राय (प्राचार्य, सेजेस जयनगर) को सदस्य नियुक्त किया गया है।

जांच समिति को 7 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्राचार्य ने आरोपों से किया इनकार

स्कूल की प्राचार्य विधु शर्मा ने सभी आरोपों को निराधार और द्वेषवश बताया है। उनका कहना है कि जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी और वे जांच में पूरा सहयोग करेंगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *