Bilaspur Couple Suicide: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रविवार देर रात पति-पत्नी का शव सड़क किनारे पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। दोनों ने एक ही कपड़े के फंदे से आत्महत्या कर ली। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतकों की पहचान जयरामनगर परसदा निवासी प्रकाश यादव (26) और उनकी पत्नी पूर्णिमा यादव (22) के रूप में हुई है। दोनों की शादी करीब एक साल पहले हुई थी।

अलग रहने को लेकर था विवाद
जानकारी के अनुसार, प्रकाश की शादी गतौरी की रहने वाली पूर्णिमा से हुई थी। दंपती चिंगराजपारा स्थित कदमपारा इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे। प्रकाश रोजी-मजदूरी का काम करता था।
बताया जा रहा है कि पूर्णिमा अपने ससुर से अलग रहना चाहती थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। रविवार रात भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। बाद में दोनों अलग रहने पर सहमत हुए और सामान भी पैक कर लिया।

इसके बाद दंपती घर से बाहर निकले और सीपत रोड स्थित सूर्या चौक पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास एक नीम पेड़ पर एक ही फंदे से फांसी लगाकर जान दे दी।
मौके पर पहुंची पुलिस
रात में पेड़ पर शव लटकता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्या टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। सूचना मिलने पर प्रकाश के पिता दिलहरण यादव भी मौके पर पहुंचे।

पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए शव
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि दोनों के गले में एक ही कपड़े का फंदा था। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
सरकंडा थाना पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पता चला है कि पति-पत्नी घर से घूमने के लिए निकले थे, जबकि पिता घर में सो रहा था। इसी दौरान दोनों ने पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
