Raipur Cricket Match: छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच, CM साय ने जताई प्रसन्नता; महिला दर्शकों के लिए फ्री एंट्री  

Raipur Cricket Match: छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रदेश में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच का आयोजन होने वाला है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खुशी जताई है और इसे प्रदेश के लिए गौरव का अवसर बताया है।

Raipur Cricket Match: छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रदेश में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच का आयोजन होने वाला है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खुशी जताई है और इसे प्रदेश के लिए गौरव का अवसर बताया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से महानदी मंत्रालय भवन में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन के लिए क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों को बधाई दी और सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच का आयोजन होना प्रदेश की खेल यात्रा में बड़ी उपलब्धि है। दुनिया की बेहतरीन महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ की धरती पर खेलते देखना बेटियों और युवा महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक होगा। इससे उनमें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास बढ़ेगा।

Raipur Cricket Match

महिला दर्शकों को मिलेगी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और जिम्बाब्वे के बीच होने वाले महिला टी-20 मुकाबले को लेकर महिलाओं, युवाओं और खेल प्रेमियों में उत्साह रहेगा। उन्होंने महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए महिला दर्शकों को निःशुल्क प्रवेश देने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री के इस सुझाव पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने सहमति जताई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला खिलाड़ियों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। हमारी बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर रही हैं। ऐसे आयोजनों से बालिकाओं को प्रेरणा मिलेगी और वे भी खेलों को अपने भविष्य और करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित होंगी।

खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेलों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। उद्देश्य केवल अच्छे खिलाड़ी तैयार करना नहीं, बल्कि प्रदेश में मजबूत खेल संस्कृति विकसित करना है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के गांवों, कस्बों और दूरस्थ क्षेत्रों में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। सरकार का प्रयास है कि उन्हें बेहतर खेल सुविधाएं, प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से खिलाड़ियों को बड़े मुकाबलों को करीब से देखने और सीखने का मौका मिलता है।

महिला क्रिकेट को मिलेगी नई पहचान

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि भारत और जिम्बाब्वे के बीच होने वाला यह मुकाबला छत्तीसगढ़ में महिला क्रिकेट को नई पहचान देगा। इससे प्रदेश की उभरती महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को नई प्रेरणा मिलेगी और आने वाले समय में छत्तीसगढ़ से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए अपनी क्षमताओं का विस्तार कर रहा है। बेहतर खेल सुविधाओं और युवाओं के बढ़ते उत्साह से प्रदेश खेल के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों को आगामी मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रदेशवासियों और खेल प्रेमियों से इस ऐतिहासिक मुकाबले को उत्सव की तरह मनाने और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मोहन दास, डायरेक्टर विजय शाह, पूर्व अध्यक्ष मुकुल तिवारी, सचिव विंटेश अग्रवाल, जी. एस. मूर्ति, विनय बजाज सहित संघ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *