रायपुर। CG Ration Card: छत्तीसगढ़ सरकार ने राशन कार्ड धारकों को बड़ी राहत देते हुए सितंबर और अक्टूबर महीने का चावल एक साथ लेने की समय-सीमा 15 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दी है। पहले यह सुविधा 30 सितंबर तक ही उपलब्ध थी, लेकिन कई हितग्राहियों को समय पर राशन नहीं मिलने के कारण सरकार ने अवधि बढ़ाने का फैसला किया है।
खाद्य विभाग के निर्देशानुसार 1 अक्टूबर से ऑनलाइन पोर्टल दोबारा शुरू कर दिया गया है। सभी उचित मूल्य की दुकानों को सितंबर और अक्टूबर, दोनों महीनों का राशन वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही अपने अधिकार से वंचित न रहे।
राशन देने से इनकार करने पर होगी कार्रवाई
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि कोई भी राशन दुकान संचालक पात्र हितग्राही को दो महीने का चावल देने से मना नहीं कर सकता। यदि किसी दुकान से राशन वितरण में लापरवाही या आनाकानी की शिकायत मिलती है, तो संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश की किसी भी राशन दुकान से ले सकेंगे चावल
कोर पीडीएस (Core PDS) व्यवस्था के तहत हितग्राही राज्य की किसी भी उचित मूल्य की दुकान से अपना राशन प्राप्त कर सकते हैं। नागरिक आपूर्ति निगम (नान) की ओर से सभी दुकानों तक समय पर चावल नहीं पहुंच पाने के कारण वितरण प्रभावित हुआ था। इसी को देखते हुए सरकार ने अतिरिक्त समय देने का निर्णय लिया है।
चावल आपूर्ति में हुई देरी के मामले में नान के जिला प्रबंधक को हटाकर त्रिनाथ रेड्डी को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार का कहना है कि अब सभी दुकानों तक समय पर चावल पहुंचाने और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाने के निर्देश दिए गए हैं।


