CG Hockey League: बिलासपुर में 21 अक्टूबर से देश की पहली राज्य स्तरीय पुरुष हॉकी लीग का आयोजन होने जा रहा है। यह लीग 1 नवंबर तक चलेगी, जिसमें छह टीमें हिस्सा लेंगी। इस हॉकी लीग की टैगलाइन “चलव रे संगी, हॉकी खेलबो” रखी गई है।
इसकी घोषणा उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को बहतराई स्थित खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों के सम्मान समारोह के दौरान की। इस दौरान उन्होंने एशियन गेम्स 2026 की स्वर्ण पदक विजेता संजू देवी और जूनियर हॉकी एशिया कप 2026 की स्वर्ण पदक विजेता मधु सिदार और गीता यादव को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ओर से संजू देवी के लिए घोषित 51 लाख रुपए की सम्मान राशि का चेक भी उन्हें सौंपा गया। वहीं मधु सिदार और गीता यादव को 11.12-11.12 लाख रुपए का विशेष सहायता पैकेज देने की घोषणा की गई। दोनों खिलाड़ियों को तत्काल 2-2 लाख रुपए की सहायता राशि के चेक भी दिए गए। खिलाड़ियों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया।
खिलाड़ियों की मेहनत से मिली सफलता
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि तीनों खिलाड़ियों ने बहतराई खेल केंद्र में प्रशिक्षण लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किया है। उनकी सफलता वर्षों की मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि खेल से न केवल पदक हासिल किए जाते हैं, बल्कि इससे आत्मविश्वास, धैर्य और अनुशासन भी बढ़ता है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम कर रही है।
खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने बताया कि बहतराई जिला खेल परिसर में करीब 6 करोड़ रुपए की लागत से खेल मैदान, हाई मास्ट लाइट और अन्य सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इसके अलावा करीब 3 करोड़ रुपए से वातानुकूलन सहित दूसरी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में करीब 16 करोड़ रुपए की खेल अधोसंरचना विकसित करने की योजना है। कार्यक्रम में बीजेपी अध्यक्ष दीपक सिंह, राज्य हॉकी संघ अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।
