Raipur Theft: रायपुर में कार सवार कारोबारी को ऑयल गिरने का झांसा देकर रोकने और कार से बैग चोरी करने का मामला सामने आया है। बैग में 25 हजार रुपए नकद, कार्ड, चेकबुक और जरूरी दस्तावेज रखे थे। घटना 24 सितंबर की सुबह करीब 11.40 बजे फाफाडीह ओवरब्रिज के पास हुई। कारोबारी की शिकायत पर गंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।![]()
पुलिस के अनुसार, अमलीडीह नेचर सिटी निवासी कारोबारी कौस्तुभ धर्माधिकारी रावाभाठा स्थित कैप्स आइसक्रीम फैक्ट्री के संचालक हैं। वह 24 सितंबर को अपनी कार से घर से ऑफिस जा रहे थे। फाफाडीह ओवरब्रिज के पास पहुंचने पर एक युवक ने उन्हें कार के बोनट के पास ऑयल गिरने की बात बताई।
कुछ दूरी आगे जाने के बाद एक अन्य युवक ने भी कार से ऑयल गिरने की जानकारी दी। इसके बाद कारोबारी ने कार को यू-टर्न लेकर सड़क किनारे खड़ा कर दिया और सर्विस सेंटर में फोन किया।
बोनट की फोटो खींचते समय चोरी
सर्विस सेंटर से बोनट की फोटो भेजने के लिए कहा गया। कारोबारी कार से उतरकर बोनट की फोटो खींचने लगे। इसी दौरान अज्ञात आरोपी कार में रखा ब्राउन रंग का बैग लेकर फरार हो गए।
कार में लौटने के बाद कारोबारी को बैग गायब मिला। बैग में 25 हजार रुपए नकद, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, बैंक ऑफ बड़ौदा की चेकबुक, बैंक से जुड़े दस्तावेज, ऑफिस के कागजात और चाबियां रखी थीं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद कारोबारी ने परिचितों को जानकारी दी और गंज थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस फाफाडीह ओवरब्रिज और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


