CG Ganja Smuggling: महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 111.350 किलो गांजा बरामद किया है। ऑपरेशन निश्चय के तहत सिंघोड़ा थाना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर की।
जब्त गांजे की कीमत करीब 55 लाख 67 हजार 500 रुपए बताई गई है। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के 3 और ओडिशा के 4 आरोपियों समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर, पायलटिंग कार और मोबाइल सहित कुल 1 करोड़ 5 लाख 9 हजार 500 रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर एक कंटेनर वाहन में गांजा लाया जा रहा है। कंटेनर की निगरानी के लिए आगे एक कार चल रही थी। सूचना के आधार पर सिंघोड़ा पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास नाकेबंदी की।
इस दौरान पायलटिंग कर रही कार और उसके पीछे आ रहे कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। जांच में कंटेनर से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
नागपुर ले जाया जा रहा था गांजा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के रेडाखोल, जिला संबलपुर से लोड कर महाराष्ट्र के नागपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, पायलटिंग कार में चार और कंटेनर में तीन लोग सवार थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
कंटेनर में सवार आरोपी
- इरफान अली (33), प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश
- शिवम सिंह पाल (26), कानपुर देहात, उत्तर प्रदेश
- आरिफ अली (23), प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश
पायलटिंग कार में सवार आरोपी
- सुजीत स्वाई (32), बौध, ओडिशा
- मानस रंजन (40), बौध, ओडिशा
- कृष्णचंद प्रधान (50), संबलपुर, ओडिशा
- आनंद साहू (24), बौध, ओडिशा
1 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 55.67 लाख रुपए का गांजा, करीब 40 लाख रुपए का कंटेनर, 8.50 लाख रुपए कीमत की कार और 9 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 1 करोड़ 5 लाख 9 हजार 500 रुपए बताई गई है।
पुलिस ने सिंघोड़ा थाने में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

