Raipur News: राजधानी रायपुर में छेड़छाड़ का विरोध करना एक युवती को भारी पड़ गया। आरोप है कि युवक ने विवाद के बाद युवती पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी युवती ने चीख-चीखकर मदद मांगी, जिसके बाद आसपास के लोगों ने पहुंचकर आग बुझाई। गंभीर रूप से झुलसी युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना माना थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान वीरू धीवर के रूप में हुई है। आरोप है कि आरोपी युवती के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। युवती ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी ने पेट्रोल डालकर युवती को आग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने युवती के बयान और शुरुआती जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस घटना की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है।


