Dhamtari Accident: बहन को तीजा पर मायके लाने गया था भाई, पिकअप ने मारी टक्कर; भाई-बहन दोनों की मौत

Dhamtari Accident: धमतरी जिले से सड़क हादसे का दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां तीजा पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं। तीजा पर बहन को लेकर लौट रहे भाई-बहन की सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान भाई-बहन ने दम तोड़ दिया।

 

बहन को तीजा पर मायके लाने गया था भाई

 

जानकारी के अनुसार, घटना पुरूर थाना क्षेत्र की है। बड़े गौरी गांव निवासी दामेश्वर सिन्हा अपनी बहन नीता सिंह को तीजा पर्व के मौके पर मायके लाने के लिए शनिवार को मोखा गांव गए थे। बहन को बाइक पर बैठाकर दोनों वापस बड़े गौरी लौट रहे थे।

 

इसी दौरान पुरूर के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।

 

हालांकि गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान दामेश्वर सिन्हा और उनकी बहन नीता सिंह की मौत हो गई। एक साथ भाई-बहन की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार

 

हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *