Sarguja Couple Murder: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। धौरपुर थाना क्षेत्र के एक घर में दंपती के शव खून से सने बोरों में बंद मिले हैं। दोनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। पुलिस को आशंका है कि दंपती के बड़े बेटे ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद से वह फरार है और उसकी तलाश जारी है।![]()
जानकारी के मुताबिक रविवार रात पति-पत्नी अपने बड़े बेटे के साथ पुराने घर में सोए थे। सोमवार सुबह दोनों के शव घर के एक बंद कमरे से बरामद हुए। घटना के बाद से संदेही बेटा लापता है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं।
दूध देने पहुंचे छोटे बेटे के उड़े होश
धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा के परसापारा निवासी हीराधर यादव अपनी पत्नी गुलाबी यादव और बड़े बेटे के साथ पुराने घर में रहते थे। सोमवार सुबह छोटा बेटा मोहन यादव घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे बाहर से बंद मिले। काफी तलाश के बाद जब घर के एक कमरे का ताला तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए।
बोरे में बंद मिले दोनों के शव
कमरे के अंदर फर्श पर खून फैला हुआ था और दो बोरों में दंपती के शव बंधे मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच में दोनों के सिर पर धारदार हथियार से वार किए जाने के गहरे निशान मिले। पुलिस का कहना है कि अत्यधिक खून बहने से दोनों की मौत हुई।
बड़े बेटे पर हत्या का शक
पुलिस को संदेह है कि हत्या के बाद शवों को छिपाने की नीयत से बोरों में बांधकर रखा गया था। घटना के बाद से बड़ा बेटा जदू यादव फरार है। परिजनों के मुताबिक उसकी मानसिक स्थिति लंबे समय से ठीक नहीं थी। पुलिस सभी पहलुओं से जांच करते हुए आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने संदेही की तलाश में रिश्तेदारों के घरों के साथ आसपास के जंगलों में भी खोजबीन शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। मामले की जांच जारी है।


