CG Board: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को बोर्ड परीक्षा परिणाम में सुधार, अंक बढ़ाने या पास कराने के नाम पर आने वाले फर्जी फोन कॉल से सतर्क रहने की अपील की है। मंडल ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के किसी भी कॉल या संदेश पर विश्वास न करें और किसी भी प्रकार का आर्थिक लेन-देन न करें।![]()
उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन जारी
माध्यमिक शिक्षा मंडल की द्वितीय मुख्य और अवसर परीक्षा समाप्त होने के बाद वर्तमान में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य जारी है। इसी दौरान मंडल ने विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए यह चेतावनी जारी की है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
मंडल के अनुसार वर्ष 2024 और 2025 की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान भी पास कराने, परीक्षा परिणाम में सुधार करने और अंक बढ़ाने के नाम पर विद्यार्थियों तथा अभिभावकों को फर्जी फोन कॉल किए गए थे। इन कॉल के माध्यम से ठगी करने की कोशिश की गई थी।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कहा है कि यदि कोई व्यक्ति परीक्षा परिणाम में सुधार, अंक बढ़ाने या विद्यार्थी को उत्तीर्ण कराने का दावा करते हुए फोन या किसी अन्य माध्यम से संपर्क करता है, तो उसके झांसे में न आएं और किसी भी प्रकार की राशि का भुगतान न करें।


