CG News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा विकासखंड के काठापाली गांव स्थित एक स्कूल में शिक्षिका द्वारा बच्चों के सामने तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधि करने का मामला सामने आया है। शिक्षिका की सोने की बाली गुम होने के बाद उन्होंने लाल कपड़े पर नारियल और चावल रखकर बच्चों के बीच पहुंचकर बाली वापस करने की बात कही। साथ ही ऐसा नहीं करने पर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी।![]()
मामले की जानकारी मिलने पर बच्चों के परिजनों ने इसकी शिकायत स्कूल के प्रधानपाठक से की। इसके बाद प्रधानपाठक ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी को पूरे मामले की जानकारी दी।
बाली गुम होने के बाद किया यह दावा
जानकारी के अनुसार शिक्षिका गीता कुम्भकार की सोने की बाली स्कूल परिसर में कहीं गुम हो गई थी। इसके बाद उन्होंने लाल कपड़े पर नारियल और चावल रखकर बच्चों के सामने गतिविधि की और बाली वापस करने को कहा। इस दौरान बच्चों को परिणाम भुगतने की बात भी कही गई, जिससे वे डर गए।
शिक्षा विभाग ने लिया संज्ञान
घटना की जानकारी सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षिका को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
जवाब के आधार पर होगी कार्रवाई
जिला शिक्षा अधिकारी ने नोटिस में स्कूल में बच्चों के सामने इस तरह की गतिविधि को अनुचित बताया है। विभाग का कहना है कि शिक्षिका के जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


