CG Mandir Chori: बलौदाबाजार जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैंड के मां महामाया मंदिर में माता की प्रतिमा से सोने का हार चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने मंदिर में दर्शन करने के बाद माता के चरण स्पर्श किए और फिर प्रतिमा से सोने का हार चुराकर फरार हो गया। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।![]()
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई की सुबह मंदिर में अज्ञात युवक ने माता की प्रतिमा से करीब ढाई लाख रुपए कीमत का सोने का मंगलसूत्र और लॉकेट चोरी कर लिया। मामले की शिकायत मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV से हुई आरोपी की पहचान
पुलिस ने मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें आरोपी की गतिविधियां कैद मिलीं। तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम सिंधोरा निवासी 22 वर्षीय अमन कुमार यादव के रूप में हुई।
रिश्तेदार के घर से हुआ गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ग्राम गबौद स्थित अपने रिश्तेदार के घर में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने मंदिर से सोने के आभूषण चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
चोरी का सामान बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया सोने का मंगलसूत्र और लॉकेट तथा घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


