Dhamtari Murder: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक खौफनाक मामला सामने आया है। जहां पति ने अपनी पत्नी को उनके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देखकर बौखला गया और गुस्से में युवक के ऊपर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।![]()
प्रेमिका से मिलने MP से आया था प्रेमी
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी 39 वर्षीय शंकर सूर्यवंशी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ग्राम बाजार कुर्रीडीह में रहने वाली पूर्णिमा सोरी (31) पति योगेंद्र सोरी का प्रेम प्रसंग लगभग एक साल से शंकर सूर्यवंशी के साथ चल रहा था। शंकर की पहचान पूर्णिमा से मोबाइल के जरिए हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद बुधवार को शंकर महिला से मिलने धमतरी पहुंचा था।
पति ने दोनों को इस हालत में पकड़ा
बताया जा रहा है कि रात के समय शंकर महिला के घर पर मौजूद था। इसी दौरान महिला का पति घर पहुंच गया और दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इससे गुस्साए पति ने घर में रखी कुल्हाड़ी से युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल शंकर सूर्यवंशी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



