Raipur E-Rickshaw QR Code: रायपुर में ई-रिक्शा और ऑटो पर लगेगा क्यूआर कोड, मिलेगी ये जानकारी

Raipur E-Rickshaw QR Code

Raipur E-Rickshaw QR Code: रायपुर शहर में ई-रिक्शा और ऑटो चालकों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने, यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से रायपुर यातायात पुलिस 1 जुलाई से विशेष अभियान शुरू करेगी। अभियान के तहत सात दिनों के भीतर शहर के सभी पंजीकृत ई-रिक्शा और ऑटो पर निशुल्क क्यूआर कोड लगाए जाएंगे।tcw

इस अभियान की तैयारी के तहत मंगलवार को यातायात मुख्यालय कालीबाड़ी में यातायात थाना प्रभारियों, उनके स्टाफ और क्विक रिस्पांस टीम के सदस्यों को प्रशिक्षण दिया गया। बैठक की अध्यक्षता यातायात पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला ने की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दौलतराम पोर्ते तथा सहायक पुलिस आयुक्त सतीश कुमार ठाकुर, गुरजीत सिंह और सीमा अहिरवार भी मौजूद रहे।

डिजिटल डाटाबेस से बढ़ेगी सुरक्षा (Raipur E-Rickshaw QR Code)

यातायात पुलिस के अनुसार इस पहल से ई-रिक्शा और ऑटो का व्यवस्थित डिजिटल डाटाबेस तैयार होगा। इससे अपराध नियंत्रण, वाहन सत्यापन और यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। आवश्यकता पड़ने पर वाहन और चालक की जानकारी तुरंत उपलब्ध हो सकेगी, जिससे यात्रियों की सुरक्षा भी मजबूत होगी।

वाहन चालकों से सहयोग की अपील (Raipur Auto QR Code)

यातायात पुलिस ने सभी पंजीकृत ई-रिक्शा और ऑटो चालकों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है। संबंधित चालकों को फोन के माध्यम से निर्धारित यातायात थाने में वाहन सहित बुलाया जाएगा। वहां वाहन नंबर का क्यूआर कोड से मिलान करने के बाद निशुल्क क्यूआर कोड वाहन पर लगाया जाएगा। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से समय पर पहुंचकर अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

7 दिनों में पूरा होगा अभियान

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को क्यूआर कोड लगाने की पूरी प्रक्रिया, निर्धारित मानकों और आवश्यक औपचारिकताओं की जानकारी दी गई। उन्हें यह भी बताया गया कि क्यूआर कोड को स्कैन कर चालक और वाहन की जानकारी का सत्यापन कैसे किया जाएगा तथा कोड को वाहन पर किस स्थान पर सुरक्षित तरीके से लगाया जाएगा। सभी थाना प्रभारियों को उनके क्षेत्र के अनुसार क्यूआर कोड उपलब्ध करा दिए गए हैं और सात दिनों के भीतर अभियान पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *