CG News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। गुण्डरदेही के रामसागर तालाब में एक युवक करीब डेढ़ घंटे तक पानी में पड़ा रहा। लोगों ने उसे मृत समझकर पुलिस को सूचना दे दी। जब पुलिस ने युवक को तालाब से बाहर निकाला तो वह अचानक उठकर बैठ गया। यह नजारा देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और सैकड़ों ग्रामीण हैरान रह गए।![]()
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार गुण्डरदेही नगर के वार्ड क्रमांक-3 निवासी सूरज ठाकुर सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे शराब के नशे में रामसागर तालाब में नहाने गया था। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे लोगों की नजर उस पर पड़ी। वह काफी देर से पानी में एक ही जगह पड़ा हुआ दिखाई दे रहा था, जिससे लोगों ने उसे डूबा हुआ समझ लिया।
ग्रामीणों ने वार्ड पार्षद और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की पहचान भोला ठाकुर के बेटे सूरज ठाकुर के रूप में की गई। इसके बाद पंचनामा की तैयारी के बीच पुलिसकर्मी तालाब में उतरे और युवक को बाहर निकाला।
जैसे ही युवक को किनारे लाया गया, वह अचानक उठकर बैठ गया। यह देखकर वहां मौजूद सभी लोग दंग रह गए।
युवक के डूबने की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में मातम छा गया था। महिलाएं रोने लगी थीं। पुलिस के पहुंचने तक किसी ने भी युवक को पानी से बाहर निकालने की हिम्मत नहीं की। जब सूरज जीवित घर लौटा तो परिजनों ने राहत की सांस ली।
अंतिम संस्कार की तैयारी भी शुरू हो गई थी
ग्रामीणों ने युवक को मृत मान लिया था। कुछ लोग उसके रिश्तेदारों को सूचना देने लगे थे, जबकि वार्ड के कुछ युवक अंतिम संस्कार की तैयारी के लिए काठी जुटाने में लग गए थे। इसी दौरान पुलिस ने युवक को बाहर निकाला और वह जिंदा उठकर बैठ गया। इससे पूरे इलाके का माहौल एक पल में बदल गया।
शराब के नशे में हादसा
गुण्डरदेही थाना प्रभारी नवीन बोरकर ने बताया कि युवक शराब के नशे में तालाब में नहाने गया था। नशे के कारण वह लंबे समय तक पानी में पड़ा रहा। उसका सिर, नाक और मुंह पानी के ऊपर होने की वजह से उसकी जान बच गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। फिलहाल युवक की हालत सामान्य बताई जा रही है।

