CG News: मुर्गी चुराकर खाने की बात पर मां-बेटा-बेटी की पिटाई, जान से मारने की धमकी

CG News: मुर्गी चुराकर खाने की बात पर मां-बेटा-बेटी की पिटाई, जान से मारने की धमकी

CG News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मुर्गी चोरी का आरोप लगाकर एक ग्रामीण ने मां, बेटे और बेटी के साथ मारपीट कर दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला कापू थाना क्षेत्र का है।

मुर्गी चोरी का आरोप

जानकारी के अनुसार, ग्राम समनिया निवासी फुलकुंवर चक्रधारी (45) ने कापू थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 23 जून की सुबह गांव के संतोष चक्रधारी (40) ने एक बैठक बुलाई थी। बैठक के दौरान उसने फुलकुंवर के बेटे उमेश चक्रधारी पर मुर्गी चोरी कर खाने का आरोप लगाया। आरोप लगाते हुए उसने गाली-गलौज की और उमेश की थप्पड़ों से पिटाई कर दी।tcw

घर पहुंचने के बाद फिर हुआ विवाद

मारपीट के बाद उमेश अपने घर लौट आया और अपनी मां को घटना की जानकारी देने लगा। इसी दौरान संतोष चक्रधारी की बेटी प्रीति चक्रधारी वहां पहुंची और उमेश को मुर्गी चोर बताते हुए उसे जबरन बाहर ले जाने की कोशिश करने लगी।

शिकायत के अनुसार, कुछ देर बाद संतोष चक्रधारी हाथ में टंगिया लेकर वहां पहुंचा। उसने गाली-गलौज करते हुए उमेश को जान से मारने की धमकी दी और उसकी दोबारा पिटाई शुरू कर दी।

 

मां-बहन को भी पीटा

उमेश को बचाने के लिए उसकी मां फुलकुंवर बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। इसी दौरान फुलकुंवर की बेटी कविता चक्रधारी भी अपनी मां को बचाने पहुंची। आरोप है कि संतोष चक्रधारी ने कविता को घसीटकर हाथ-मुक्कों और लकड़ी से मारपीट की, जिससे उसे भी चोटें आईं।

तीनों को आई चोटें

मारपीट की घटना में फुलकुंवर के गाल और सिर, उमेश की पीठ तथा कविता के सिर और पीठ में चोटें आई हैं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया। इसके बाद फुलकुंवर ने कापू थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।

जांच के बाद कार्रवाई

कापू थाना प्रभारी इंगेश्वर यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *