CG Murder: लव मैरिज से नाराज पिता, चाचा और बड़े पापा ने बेटी का किया मर्डर

CG Murder: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में खेत में मिली युवती की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या उसके पिता, चाचा और बड़े पिता ने मिलकर की थी। पुलिस के अनुसार परिवार के लोग युवती की अंतरजातीय प्रेम विवाह से नाराज थे। इसी कारण साजिश रचकर उसकी हत्या कर दी गई। मामला पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम तुरेंगा का है।

tcw

खेत में मिला था शव

पुलिस के अनुसार 17 जून 2026 को ग्राम तुरेंगा स्थित एक खेत में अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था। शव के गले और शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले थे। इसके बाद पटेवा थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। सोशल मीडिया और सार्वजनिक सूचना के माध्यम से मृतका की पहचान करने का प्रयास किया गया। बाद में मृतका की पहचान बागबाहरा निवासी रानी कुमारी सिंह के रूप में हुई, जिसकी पुष्टि उसके पति ने की।

चाचा और बड़े पापा ने खेत में किया मर्डर

पुलिस जांच में पता चला कि रानी कुमारी सिंह ने अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि इसी बात से उसके पिता उमेश सिंह, चाचा दिनेश सिंह और बड़े पिता राजेश सिंह नाराज थे। पुलिस के अनुसार तीनों ने मिलकर युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए और सुनसान खेत में धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

आरोपी पिता गुजरात से गिरफ्तार

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गुजरात के सूरत में दबिश दी। स्थानीय पुलिस की मदद से मुख्य आरोपी उमेश सिंह (50) को थाना पुना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने भाइयों के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना के समय पहने गए कपड़े, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *