CG Fraud: जिन्न-भूत-प्रेत के नाम पर 85 लाख की ठगी, जिन्न नाराज हुआ तो होगा पति का होगा एक्सीडेंट

CG Fraud: छत्तीसगढ़ के भिलाई में जिन्न, प्रेत-बाधा, तंत्र-मंत्र, ऑनलाइन ट्रेडिंग और सरकारी नौकरी का झांसा देकर एक महिला से करीब 85 लाख रुपए की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने कभी गुप्त पूजा के नाम पर पैसे लिए, कभी निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दिया और कभी पति के एक्सीडेंट का डर दिखाकर लाखों रुपए ऐंठ लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।tcw

शिकायत के अनुसार भिलाई निवासी संगीता कश्यप की मुलाकात नवंबर 2023 में रायपुर में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान जबलपुर निवासी पवन बधौलिया से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी पारिवारिक परेशानियों का जिक्र किया, जिसके बाद आरोपी ने विशेष पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के जरिए सभी समस्याएं दूर करने का दावा किया।

महिला का आरोप है कि आरोपी लगातार फोन कर ग्रह दोष, प्रेत-बाधा और जिन्न का डर दिखाता था। वह कहता था कि जबलपुर में गुप्त पूजा कराई जा रही है और इसके लिए पैसे भेजने होंगे। पूजा के नाम पर उसने कई बार अलग-अलग रकम अपने खाते और क्यूआर कोड के माध्यम से मंगवाई।

आरोपी महिला को यह कहकर डराता था कि यदि पूजा नहीं कराई गई तो जिन्न नाराज हो जाएंगे और परिवार पर बड़ा संकट आ सकता है। उसने यहां तक कहा कि विशेष पूजा नहीं कराने पर महिला के पति का एक्सीडेंट हो सकता है। इस डर के नाम पर उसने डेढ़ लाख रुपए भी लिए। बाद में महिला के पति की सड़क हादसे में मौत हो गई, जिसके बाद महिला को ठगी का संदेह और गहरा गया।

आरोपी ने महिला के बेटे विक्रांत कश्यप को भी अपने झांसे में लिया और शेयर बाजार व ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने पर भारी मुनाफे का वादा किया। अलग-अलग किश्तों में लाखों रुपए ट्रांसफर कराए गए, लेकिन न तो निवेश का लाभ मिला और न ही मूल रकम वापस की गई।

महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी कभी खुद को कोलकाता जेल में बंद बताकर पैसे मांगता था, तो कभी मां के ब्रेन हेमरेज, ऑपरेशन और पिता की मौत का बहाना बनाकर आर्थिक मदद लेता रहा। 16 अगस्त को उसने फोन कर दावा किया कि उसे उज्जैन के पास पुलिस ने पकड़ लिया है और मुंबई क्राइम ब्रांच ले जाया जा रहा है। पुलिस से छुड़ाने के नाम पर उसने 7 लाख रुपए मांगे। डर के कारण महिला ने अलग-अलग किश्तों में 5 लाख रुपए और भेज दिए।

जब महिला और उसके बेटे ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने हाथ की नस काटने की तस्वीर व्हाट्सएप पर भेजकर मानसिक दबाव बनाया। इसके बाद भी उसने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र, जॉइनिंग लेटर और अधिकारियों से सिफारिश का हवाला देते हुए लाखों रुपए वसूल लिए। नौकरी के नाम पर महिला को भोपाल बुलाकर 4 लाख रुपए नकद भी लिए गए।

पीड़िता की शिकायत पर भिलाई नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पवन बधौलिया के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। महिला ने बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल चैट और अन्य दस्तावेज पुलिस को सौंप दिए हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी ने इसी तरह कितने अन्य लोगों को अपना शिकार बनाया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *