Raipur News: घर से स्कूटी चुराकर घूम रहा चोर, घर पहुंच रहा चालान, फिर भी पकड़ नहीं पाई पुलिस

Raipur News: घर से स्कूटी चुराकर घूम रहा चोर, घर पहुंच रहा चालान, फिर भी पकड़ नहीं पाई पुलिस

Raipur News: रायपुर के तेलीबांधा इलाके में स्कूटी चोरी का मामला सामने आया है, जहां चोरी के बाद आरोपी लगातार वाहन चला रहा है और ट्रैफिक नियम तोड़ने पर ई-चालान भी स्कूटी मालिक के घर पहुंच रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस अब तक आरोपी को पकड़ नहीं पाई है।

tcw

पीड़िता खुशी धनवानी तेलीबांधा क्षेत्र में रहती हैं और ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं। जानकारी के अनुसार 16 फरवरी की रात परिवार के लोग भोजन के बाद सो गए थे। अगली सुबह उठने पर घर के बाहर खड़ी स्कूटी गायब मिली।

परिवार ने आसपास तलाश करने के बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की। फुटेज में रात करीब 10:20 बजे एक युवक घर में घुसकर मास्टर चाबी से स्कूटी का लॉक खोलते और वाहन लेकर जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद तेलीबांधा थाना में शिकायत दर्ज कराई गई।

101 दिनों बाद भी आरोपी को पकड़ नहीं पाई पुलिस

घटना के बाद से पीड़िता लगातार पुलिस थाने के चक्कर लगा रही है, लेकिन अब तक स्कूटी बरामद नहीं हो सकी है। पीड़िता का कहना है कि पुलिस केवल आश्वासन दे रही है।

चोरी के बाद आने लगे ई-चालान

चोरी हुई स्कूटी संतोष धनवानी के नाम पर दर्ज है। घटना के 16 दिन बाद 2 मार्च को उनके मोबाइल पर 5000 रुपए का ई-चालान पहुंचा। ट्रैफिक थाना में जानकारी लेने पर पता चला कि स्कूटी को आयुर्वेदिक कॉलेज के पास रॉन्ग साइड चलाया गया था।

इसके बाद 16 मार्च को फिर एक और ई-चालान जारी हुआ। दोनों मामलों की जानकारी पुलिस को दी गई, लेकिन आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर है।

100 दिनों में चोरी की 380 शिकायतें

पुलिस कमिश्नरी लागू होने के बाद पिछले 100 दिनों में चोरी की 380 घटनाएं सामने आई हैं। इनमें करीब 85 प्रतिशत मामले वाहन चोरी से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस ने वाहन चोरी रोकने के लिए विशेष टीम भी बनाई है, लेकिन अधिकांश मामलों में वाहन बरामद नहीं हो सके हैं।

तकनीकी टीम कर रही जांच

एडिशनल डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल ने कहा कि तेलीबांधा क्षेत्र में हुई स्कूटी चोरी की घटना की जांच जारी है। तकनीकी टीम को भी लगाया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *