CG Bat Death: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। गर्म हवाओं और तेज धूप का असर अब इंसानों के साथ वन्य जीवों पर भी दिखाई देने लगा है।![]()
बालोद जिले में रोजाना बड़ी संख्या में चमगादड़ों की मौत हो रही है। जानकारी के अनुसार जिले में प्रतिदिन करीब 200 चमगादड़ गर्मी और लू की चपेट में आकर मर रहे थे। स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने पेड़ों पर पानी का छिड़काव शुरू किया है ताकि पक्षियों और वन्य जीवों को राहत मिल सके।
बता दें, इससे पहले खैरागढ़ और कांकेर जिले में भी लू के कारण मोर, सीवेट और चमगादड़ समेत सैकड़ों जीवों की मौत की खबर सामने आई थी।
अगले 2 दिन और सताएगी गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में अगले दो दिन तक गर्मी और बढ़ सकती है। रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि 29 मई से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। अगले 24 घंटे में कई जिलों में तेज हवा, आंधी और हल्की बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
दुर्ग रहा सबसे गर्म जिला
पिछले 24 घंटे के दौरान दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बुधवार को रायपुर के देवपुरी इलाके में तेज आंधी के कारण बिजली का पोल भी गिर गया था। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना जताई है।
रायपुर में हीटवेव का अलर्ट
राजधानी रायपुर में भी आज हीटवेव का असर बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।




