Bilaspur Dhaba Video: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में देर रात ढाबे में खाना खाने पहुंचे तीन कॉलेज छात्रों पर बदमाशों ने लाठी-डंडों, पाइप और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। मामूली विवाद के बाद 6 से 7 युवकों ने छात्रों की बेरहमी से पिटाई की, जिससे वे घायल हो गए। घटना का वीडियो CCTV कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामला सकरी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अन्य साथी फरार बताए जा रहे हैं।![]()
घूरकर देखने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार तारबाहर चौक निवासी हर्ष पटेल (20) अपने दोस्तों आदित्य साहू और आदित्य मुदलियार के साथ सोमवार देर रात खाना खाने के लिए सकरी क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे के भवानी ढाबा पहुंचा था।
रात करीब 2 बजे खाना खाकर तीनों जैसे ही बाहर निकले, वहां मौजूद अशोक नगर बहतराई निवासी सुमीत यादव (23) ने घूरकर देखने की बात को लेकर आदित्य साहू से विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि सुमीत ने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर सीटी बजाकर अपने साथियों को बुला लिया।
इसके बाद बदमाशों ने छात्रों पर लाठी, पाइप और पत्थरों से हमला कर दिया। वायरल वीडियो में आरोपी छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते नजर आ रहे हैं।
हमले में 3 छात्र घायल
हमले में आदित्य साहू, हर्ष पटेल और आदित्य मुदलियार घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी सुमीत यादव को ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसकी कमर से लोहे का चाकू भी बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
ढाबा संचालक समेत 3 गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार जब मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाया गया, तब कुदुदंड निवासी उमेश शर्मा (27) और तारबाहर निवासी निशान गुप्ता (24) थाने पहुंच गए और आरोपी को छोड़ने का दबाव बनाने लगे।
इसी दौरान जबड़ापारा निवासी ढाबा संचालक राजकुमार पमनानी भी पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश करने लगा। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और कोर्ट में पेश किया।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
ढाबे में लगे CCTV कैमरे में पूरी मारपीट की घटना रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने फुटेज जब्त कर लिया है और उसके आधार पर फरार आरोपियों की तलाश जारी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


