CG Gold Smuggling: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात पासिंग कार से 9 करोड़ 27 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण जब्त किए हैं। यह कार्रवाई सिंघोड़ा थाना क्षेत्र स्थित रेहटीखोल चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान की गई।
जानकारी के अनुसार, NH-53 पर नियमित चेकिंग के दौरान ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही एक संदिग्ध कार को पुलिस ने रोका। तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट के नीचे बने गुप्त चैंबर से 7512.488 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए।
वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी
पुलिस ने कार सवार तीनों लोगों से बरामद सोने के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने पूरा सोना जब्त कर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी जयेश अकबरी, सुनीत कारेना और रूशी अग्रावत के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को सोने की तस्करी की आशंका है।
आयकर विभाग और DRI करेगी जांच
सिंघोड़ा पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई के बाद मामले को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय (DRI) को सौंप दिया है। अब जांच एजेंसियां सोने के स्रोत, परिवहन और इससे जुड़े संभावित कारोबारी नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।

