Gariaband Video: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में उदंती अभ्यारण के कोर जोन में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान उपनिदेशक वरुण जैन और वन कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
जानकारी के अनुसार मामला उदंती अभ्यारण के सीतानदी रेंज अंतर्गत जैतपुरी गांव का है। वन विभाग ने कोर क्षेत्र में अतिक्रमण के मामलों को लेकर 166 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ वन अपराध दर्ज किया था। सभी आरोपियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। कुछ लोगों ने जवाब प्रस्तुत किया, लेकिन बयान दर्ज नहीं हो सके थे।
अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद बढ़ा तनाव
बताया जा रहा है कि दो बार नोटिस मिलने के बाद आरोपियों ने न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। इसके बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिसके बाद गांव में तनाव की स्थिति और बढ़ गई।
सोमवार को वन विभाग की टीम ग्रामीणों के बयान दर्ज करने जैतपुरी गांव पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल गर्म हो गया और कुछ लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों का घेराव कर दिया।
वन अमले से धक्का-मुक्की
आरोप है कि विरोध के दौरान उपनिदेशक वरुण जैन और वन कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। हालांकि प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि हालात अब नियंत्रण में हैं और पूरे मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
