CG Budget Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र 2026 के चौथे दिन प्रश्नकाल के दौरान कांकेर जेल में आदिवासी नेता की मौत का मामला जोरदार तरीके से गूंजा। विपक्ष ने इसे साजिश बताते हुए जांच विधानसभा की समिति से कराने की मांग की। गृहमंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया। (सदन में कांकेर जेल में आदिवासी नेता मौत मामला)

प्रश्नकाल के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश की जेलों में बीते एक वर्ष में हुई बंदियों की मौतों की जानकारी मांगी। उन्होंने विशेष रूप से कांकेर जेल में आदिवासी नेता जीवन ठाकुर और कवर्धा जेल में बंद पंकज साहू की मौत का मुद्दा उठाया।

जवाब में गृहमंत्री विजय शर्मा ने सदन को बताया कि पिछले एक वर्ष में प्रदेश की जेलों में 66 बंदियों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि जीवन ठाकुर की मौत के मामले में मजिस्ट्रियल जांच कराई जा रही है।
इस पर भूपेश बघेल ने अविश्वास जताते हुए मांग की कि मामले की जांच विधानसभा की समिति से कराई जाए। हालांकि गृहमंत्री ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया। इसके बाद विपक्षी सदस्य अपनी सीटों से खड़े होकर नारेबाजी करने लगे।

मंत्री के रुख से नाराज कांग्रेस के सभी विधायकों ने अंततः सदन की कार्यवाही से वॉकआउट कर अपना विरोध किया। बजट सत्र के दौरान इस मुद्दे पर सदन का माहौल काफी गरम रहा।
