Jashpur Murder: पत्नी ने पति की कुल्हाड़ी से की हत्या, पेट्रोल डालकर जलाई लाश; बेटियों के सामने दिया वारदात को अंजाम

Jashpur Murder

Jashpur Murder: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां शादी के 17 साल बाद पति की शराब की लत और घरेलू हिंसा से परेशान पत्नी ने उसकी हत्या कर दी। आरोपी महिला ने पहले कुल्हाड़ी से हमला किया, फिर सीने पर बैठकर गला दबाकर पति की जान (Jashpur Wife Killed Husband) ले ली। इसके बाद बेटियों और एक नाबालिग लड़के की मदद से शव को ठिकाने लगाकर पेट्रोल डालकर जला दिया। (जशपुर पत्नी ने पति की कुल्हाड़ी से हत्या)

यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने करीब तीन महीने की जांच के बाद पूरे हत्याकांड का खुलासा किया है।

18 अक्टूबर 2025 की रात हुई थी वारदात

18 अक्टूबर 2025 की रात महावीर राम भगत (49) नशे की हालत में पत्नी सुमित्रा भगत (50) के घर पहुंचा था। उसके हाथ में कुल्हाड़ी थी। पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान पत्नी ने कुल्हाड़ी छीनकर पति के सिर और चेहरे पर वार कर दिया। (जशपुर पत्नी ने पति की हत्या कर पेट्रोल से जलाई लाश)

पति के गिरने के बाद सुमित्रा ने उसके सीने पर बैठकर तब तक गला दबाया, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। यह पूरी घटना घर में मौजूद दो नाबालिग बेटियों के सामने हुई।

शव को जंगल में ले जाकर जलाया

हत्या के बाद मां और बेटियों ने पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग लड़के की मदद ली। रात करीब 10 से 11 बजे के बीच शव को लकड़ी के बल्ली से बांधकर कंधे पर उठाया और घर से करीब एक किलोमीटर दूर तुरीटोंगरी जंगल ले गए। वहां गड्ढे में शव डालकर करीब 2 लीटर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, ताकि पहचान मिटाई जा सके।

अगले दिन मिला अधजला शव

19 अक्टूबर 2025 को पुलिस को जंगल में अधजला शव मिलने की सूचना मिली। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद बीएनएस की धारा 103(1) और 238(क) के तहत मामला दर्ज किया गया। शव बुरी तरह जला होने के कारण पहचान नहीं हो पाई।

गलत पहचान में निर्दोष जेल गया

जांच के दौरान पुलिस ने शव को एक लापता युवक का बताकर तीन निर्दोष युवकों को जेल भेज दिया। लेकिन एक महीने बाद वह युवक जीवित लौट आया। इसके बाद पुलिस ने दोबारा जांच शुरू की।

परिजनों को हुआ शक, फिर खुला राज

दिसंबर 2025 तक सुमित्रा ने पति की तलाश नहीं की, जिससे परिजनों को शक हुआ। मृतक के भाई ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने गहराई से जांच शुरू की। डीएनए टेस्ट में शव महावीर राम भगत का निकला।

पूछताछ में पत्नी ने कबूला जुर्म

पुलिस ने सुमित्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले उसने पुलिस को गुमराह किया, लेकिन सख्ती के बाद हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि पति शराब पीकर मारपीट करता था और जान से मारने की धमकी देता था। उसी डर और गुस्से में उसने यह कदम उठाया।

अहम सबूत जब्त

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, पेट्रोल की जरकिन, टॉर्च जब्त कर ली है।

आरोपी जेल, नाबालिग बाल गृह भेजे गए

मुख्य आरोपी सुमित्रा भगत को 10 फरवरी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, दो बेटियों और पड़ोसी नाबालिग लड़के को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

पुलिस का कहना

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मामला घरेलू हिंसा, नशे की लत और पारिवारिक तनाव का गंभीर परिणाम है। मामले की विस्तृत जांच के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *