CG Mass Marriage: छत्तीसगढ़ में 6 हजार से अधिक जोड़े विवाह बंधन में बंधे, 25 सरेंडर नक्सलियों ने लिए सात फेरे

CG Mass Marriage

CG Mass Marriage: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आज पूरे प्रदेश में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 6,412 से अधिक जोड़े अलग-अलग धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह बंधन में बंधे। राजधानी रायपुर (Raipur mass marriage) के साइंस कॉलेज मैदान में 1,316 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम से अन्य जिलों के जोड़े ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे। (छत्तीसगढ़ सामूहिक विवाह)

गरियाबंद जिले में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम खास चर्चा में रहा, जहां 25 सरेंडर नक्सलियों ने भी सात फेरे लिए। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना (Mukhyamantri Kanya Vivah Yojana) के तहत जिले में कुल 283 जोड़ों का विवाह मुख्य मेला मंच पर कराया गया। कार्यक्रम में धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल, क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान की भी शुरुआत की। अभियान के पहले चरण में 6 माह से 52 माह तक के करीब 40 हजार कुपोषित बच्चों को शामिल किया जाएगा। इसकी शुरुआत बस्तर संभाग से होगी, जिसमें बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और सुकमा जिले शामिल हैं।

राज्य सरकार की ओर से नवविवाहित जोड़ों को आर्थिक सहायता के तहत प्रत्येक जोड़े के बैंक खाते में 35 हजार रुपए दिए जा रहे हैं, जबकि 15 हजार रुपए उपहार सामग्री और विवाह आयोजन पर खर्च किए जाएंगे। आंकड़ों के अनुसार, हिंदू रीति से 6,281, मुस्लिम रीति से 3, ईसाई रीति से 113, बौद्ध रीति से 5 और बैगा समुदाय के 10 जोड़े विवाह सूत्र में बंधे हैं।

इधर, मनेंद्रगढ़ में सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रही एक बस सड़क हादसे का शिकार हो गई, जिसमें करीब 17 जोड़े घायल हुए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *