Raipur News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के तहत रायपुर जिला प्रशासन द्वारा ‘प्रोजेक्ट ग्रीन पालना’ अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत शासकीय अस्पतालों में प्रसव के बाद मां को फलदार पौधे भेंट किए जा रहे हैं, ताकि नवजात के जन्म के साथ ही एक पौधा धरती पर लगाया जा सके और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़े।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में मंगलवार को एमसीएच कालीबाड़ी जिला अस्पताल में 15, अभनपुर में 5 और बिरगांव में 6 प्रसूता महिलाओं को कुल 130 फलदार पौधे वितरित किए गए। इस दौरान माताओं को पौधों की देखभाल और रोपण की विधि की जानकारी भी दी गई, जिससे पौधे सुरक्षित रूप से विकसित हो सकें।

‘प्रोजेक्ट ग्रीन पालना’ मातृत्व को प्रकृति से जोड़ने की एक अनूठी पहल है। यह अभियान न केवल नवजात के जीवन की शुरुआत को यादगार बनाता है, बल्कि भविष्य में हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण की दिशा में भी एक मजबूत कदम साबित हो रहा है।
