Bilaspur Suicide: बिलासपुर जिले में हिंदू संगठन से जुड़े युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी सोहेल खान को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला मुंगेली जिले के बामपारा गांव का है, जहां नरेश साहू नामक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले नरेश साहू ने एक वीडियो बनाकर विशेष समुदाय से आने वाले युवक पर प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया था।

मृतक द्वारा वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया। संगठनों ने कोतवाली थाने के बाहर प्रदर्शन कर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी। वीडियो में नरेश साहू ने बताया था कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में हुए पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।


पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विधिवत जांच शुरू की। प्रार्थी के बयान दर्ज किए गए और घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्य जुटाए गए। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी सोहेल खान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
