Raipur Accident: राजधानी रायपुर में नए साल के पहले ही दिन एक खौफनाक सड़क हादसा सामने आया है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अंतर्गत वीआईपी रोड पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक बेकाबू बोलेरो ने पहले स्विफ्ट डिजायर को टक्कर मारी और फिर सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। घटना में ई-रिक्शा चालक का एक पैर कटकर अलग हो गया।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि वीआईपी रोड पर बोलेरो तेज रफ्तार में चल रही थी। चालक ने नियंत्रण खो दिया और सबसे पहले सड़क पर चल रही एक स्विफ्ट डिजायर कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो की रफ्तार कम होने के बजाय और अधिक अनियंत्रित हो गई और उसने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जबरदस्त टक्कर मार दी।




टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ई-रिक्शा चालक का पैर वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया और जोरदार झटके के कारण उसका एक पैर कटकर अलग हो गया।
सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचा। प्रधान आरक्षक तरुण यादव और आरक्षक जे.एस. चंद्रवंशी ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल ई-रिक्शा चालक को तत्काल अस्पताल भिजवाया। जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद वीआईपी रोड पर यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने हादसे में शामिल बोलेरो कार, स्विफ्ट डिजायर और ई-रिक्शा – तीनों वाहनों को जप्त कर लिया है। साथ ही बोलेरो चालक के खिलाफ लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
