CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में कोल्ड वेव का अलर्ट, सरगुजा सबसे ठंडा; मैनपाट में बर्फ, अगले 4 दिनों में 1-2 डिग्री और गिरेगा पारा

CG Weather Update

CG Weather Update: छत्तीसगढ़y में कड़ाके की ठंड का दौर लगातार जारी है। ठंडी हवाओं के असर से प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में ठिठुरन और बढ़ गई है। अंबिकापुर, मैनपाट और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्रों में ओस की बूंदें जमकर बर्फ में तब्दील हो गई हैं। मैनपाट में रात का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जिससे यह प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बन गया है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार सरगुजा, दुर्ग और रायपुर संभाग के कुछ हिस्से शीतलहर की चपेट में हैं। बीते 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।

आज मौसम शुष्क रहने की संभावना

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले चार दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। हालांकि आज प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन कुछ स्थानों पर कोल्ड वेव का असर बना रह सकता है।

रायपुर का मौसम

वहीं राजधानी रायपुर के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार सुबह के समय हल्का कोहरा छाने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे ठंड से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *