Korba Accident: कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें शादी के बाद दुल्हन को लेकर लौट रहा चारपहिया वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा ग्राम कसरेंगा से कोरबा के दादर खुर्द गांव जाते समय हुआ। टेम्पो टेरेक्स वाहन में दुल्हन सहित दूल्हा पक्ष के कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे शामिल थे। गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत बाहर निकालकर बांकी मोंगरा अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
