Raipur News: राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित यादवपारा इलाके में पालतू कुत्ते के काटने का मामला सामने आया है। घटना के बाद जब युवक ने इसका विरोध किया, तो कुत्ते के मालिक ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पूरा मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार लूपेश यादव अपने घर के सामने टहल रहे थे। उसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला चंद्रपाल टंडन अपने पालतू कुत्ते को टहला रहा था। अचानक कुत्ते की चेन टूट गई और वह लूपेश यादव पर झपट पड़ा। कुत्ते ने उनके बाएं हाथ को काट लिया, जिससे वे घायल हो गए।
कुत्ते के भौंकने और लूपेश के चिल्लाने की आवाज सुनकर उनके परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने कुत्ते के मालिक से उसे नियंत्रित रखने की बात कही, लेकिन इस पर वह भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने पीड़ित और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के बाद लूपेश यादव ने 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल पंडरी में भर्ती कराया गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
