National Herald Case: नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने बुधवार को दुर्ग, बिलासपुर और रायगढ़ समेत कई जिलों में जोरदार प्रदर्शन किया। दुर्ग में आयोजित प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के लोग असत्य और हिंसा की राह पर चलने वाले हैं और वे कभी भी महात्मा गांधी की विचारधारा को नहीं मान सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की पूजा करते हैं।
भूपेश बघेल ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर पिछले 12 वर्षों से कांग्रेस नेताओं को बदनाम करने का प्रयास किया, लेकिन अंततः सत्य की ही जीत होती है। उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में भी राजनीतिक द्वेष के तहत कार्रवाई की जा रही है।



दुर्ग में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय का घेराव करने निकले थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी, जिसे तोड़ने की कोशिश में कांग्रेसियों की पुलिस से धक्का-मुक्की हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
इसी तरह बिलासपुर, रायगढ़, अंबिकापुर और खैरागढ़ में भी कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़कों पर उतरे और भाजपा कार्यालयों का घेराव करने का प्रयास किया। कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झूमाझटकी की स्थिति बनी। पुलिस ने हालात को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि नेशनल हेराल्ड प्रकरण में जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है, जिसके विरोध में यह प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया गया।
