CG Murder: टांगी से हमला कर अधेड़ की बेरहमी से हत्या, जांच में जुटी पुलिस

सूरजपुर: CG Murder: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। जयनगर थाना क्षेत्र के जमदेई गांव में अज्ञात हमलावरों ने एक अधेड़ व्यक्ति पर टांगी से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

बता दें, मृतक की पहचान 50 वर्षीय रामजतन पनिका के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह वारदात बीती रात की है। सुबह जब परिजन जागे तो उन्होंने घर के आंगन में रामजतन पनिका का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में हड़कंप फैल गया।

घटना की सूचना मिलते ही जयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल की बारीकी से जांच के लिए FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया है।

फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *