कोरबा: CG NEWS: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जंगली सुअर के हमले की एक गंभीर घटना सामने आई है। कटघोरा वनमंडल अंतर्गत दर्री सर्किल में स्थित SLRM सेंटर (कचरा संग्रहण केंद्र) में तैनात एक चौकीदार पर जंगली सुअर ने अचानक हमला कर दिया। हमले में चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गया, हालांकि उसने साहस दिखाते हुए अपनी जान बचा ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब SLRM सेंटर में बकरियों का एक झुंड घुस आया, जिनके साथ एक जंगली सुअर भी मौजूद था। बकरियों को खदेड़ते हुए चौकीदार जंगल की ओर चला गया, तभी जंगली सुअर ने अचानक उस पर हमला कर दिया। चौकीदार ने हिम्मत से मुकाबला किया, लेकिन इस दौरान उसे गंभीर चोटें आईं।

घायल चौकीदार की पहचान दर्री थाना क्षेत्र के नगोईखार श्यामनगर निवासी 60 वर्षीय लोरिक लाल यादव के रूप में हुई है। घायल अवस्था में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना तहसील कार्यालय के पीछे की बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा डीएफओ कुमार निशांत के निर्देश पर वन विभाग की टीम मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची। वन विभाग की ओर से पीड़ित को तत्काल सहायता राशि भी प्रदान की गई है। वहीं, क्षेत्र में जंगली जानवरों की बढ़ती आवाजाही को लेकर स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
