Kawardha News: कवर्धा जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गुढ़ा हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में तंत्र-मंत्र से जुड़ी संदिग्ध गतिविधि सामने आई है। स्कूल परिसर में एक पेड़ के नीचे एक बच्चे की फोटो रखकर तांत्रिक क्रिया किए जाने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि जिस बच्चे की फोटो का इस्तेमाल किया गया, उसकी मौत करीब 20 साल पहले हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार, जब स्कूल स्टाफ और स्थानीय लोगों ने पेड़ के नीचे बच्चे की फोटो और तंत्र-मंत्र से जुड़ी सामग्री देखी, तो तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों और पुलिस को दी गई। जांच में सामने आया है कि फोटो में दिख रहा बच्चा पाठक परिवार का है, जिसकी मौत 20 साल पहले हो चुकी थी। परिजनों ने उसकी स्मृति में एक मंदिर बनाकर वहां फोटो लगाया था। आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर से फोटो हटाकर स्कूल परिसर में तांत्रिक गतिविधि को अंजाम दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने पेड़ के नीचे रखी गई सभी सामग्री को हटाकर नष्ट कर दिया है। फिलहाल मामले को लेकर लोग पुलिस से जांच की मांग कर रहे हैं।
