Durg Spa Centre Raid: अवैध देह व्यापार पर कार्रवाई करते हुए दुर्ग पुलिस ने सुपेला चौकी क्षेत्र के दो स्पा सेंटरों पर छापेमारी की है। मसाज के नाम पर चल रही संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर की गई इस रेड में पुलिस ने एक संचालिका सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई SSP विजय अग्रवाल के निर्देशन में की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अमन ढाबा के पास स्थित लविश फैमिली स्पा एंड सैलून और ड्रीम कैचर स्पा एंड सैलून में मसाज की आड़ में देह व्यापार चल रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने दोनों स्पा सेंटरों में दबिश दी।

छापेमारी के दौरान दोनों स्पा सेंटरों में संदिग्ध गतिविधियां पाई गईं। पुलिस ने लविश फैमिली स्पा एंड सैलून और ड्रीम कैचर स्पा एंड सैलून की संचालिका अहिल्या सागरवंशी (36 वर्ष) निवासी जयंती नगर, सिकोला भाठा, दुर्ग को गिरफ्तार किया। इसके साथ अकुश ईखार (29 वर्ष) निवासी हाउसिंग बोर्ड, जामुल को भी हिरासत में लिया गया।

जांच में सामने आया कि ड्रीम कैचर स्पा एंड सैलून बिना लाइसेंस के संचालित हो रहा था। वहीं लविश फैमिली स्पा एंड सैलून की संचालिका पहले भी पीटा एक्ट के तहत गिरफ्तार हो चुकी है।

