Korba News: 15 डकैतों ने किसान के घर बोला धावा, कनपटी पर बंदूक रख बोले- कहां है सौम्या के पैसे? बताओ नहीं तो मार डालेंगे…

Korba News

Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार देर रात सौम्या चौरसिया के क्लासमेट के घर पर डकैती हुई है। बालको नगर थाना क्षेत्र के तराईडांड गांव में हथियारबंद 15 से अधिक डकैतों ने किसान शत्रुघन दास के घर पर धावा बोल दिया। डकैतों ने घर में मौजूद 11 लोगों को रस्सी से बांधकर बंधक बनाया और करीब साढ़े पांच लाख रुपए के जेवर व नगदी लूटकर फरार हो गए।

डकैतों के निशाने पर आए किसान से लगातार पूछा जा रहा था कि निलंबित प्रशासनिक अधिकारी सौम्या चौरसिया का 20 से 25 लाख रुपए कहां छिपाया है? बताओ नहीं तो मार डालेंगे। वारदात के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है और आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

सौम्या की क्लासमेट थीं बबीता

डकैती मामले में एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। पीड़ित किसान की बेटी बबीता दास, निलंबित प्रशासनिक अधिकारी सौम्या चौरसिया की क्लासमेट रह चुकी है। दोनों ने दुर्ग में साथ पढ़ाई की थी। कांग्रेस शासनकाल में जब सौम्या चौरसिया ज्वाइंट कलेक्टर के रूप में सीएम ऑफिस में उप सचिव थीं, तब बबीता कुछ समय उनके घर पर भी रही थी।

कोयला घोटाला मामले में सौम्या की गिरफ्तारी के बाद बबीता अपने घर लौट आई और शादी कर ली थी। पुलिस अब इस कनेक्शन के आधार पर भी जांच आगे बढ़ा रही है कि क्या डकैतों को इस संबंध की जानकारी थी और क्या इसी कारण घर को निशाना बनाया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *