CG News: बालोद जिले के गुंडरदेही ब्लॉक में महिला सरपंच मंजू महिलांग (साहू) ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना 31 अक्टूबर की रात सनौद थाना क्षेत्र के ग्राम सियनमरा की है। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
महिला सरपंच ने पंचायत के पुराने कर्ज चुकाने के दबाव और कथित जातिगत अपमान से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात कही है। उन्होंने उपसरपंच और कुछ पंचों पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने का आरोप लगाया है।
उपचुनाव में 6 महीने पहले बनी थीं सरपंच
जानकारी के मुताबिक, मंजू महिलांग करीब छह महीने पहले पंचायत के उपचुनाव में सरपंच निर्वाचित हुई थीं। आरोप है कि पूर्व सरपंच पंचायत पर करीब 3 लाख 50 हजार रुपए का कर्ज छोड़ गए थे।
मंजू का कहना है कि इस पुराने कर्ज को चुकाने के लिए उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने उपसरपंच और कुछ पंचों पर परेशान करने का आरोप लगाया है।
सरपंच पद को लेकर भी विरोध का आरोप
मंजू महिलांग ने रिकेश साहू से अंतरजातीय विवाह किया है। पंचायत का सरपंच पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने के कारण वह उपचुनाव में निर्वाचित हुई थीं।
आरोप है कि सरपंच बनने के बाद से ही उन्हें जाति के आधार पर अपमानित किया जाता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत में सरपंच की कुर्सी पर बैठने को लेकर भी विरोध किया जाता था और पद छोड़ने का दबाव बनाया जाता था।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर दर्ज किया बयान
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और महिला सरपंच का बयान दर्ज किया। सनौद थाना प्रभारी सोनसिंह सोरी के अनुसार, सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम गांव पहुंची थी, लेकिन महिला के घर पर ताला लगा हुआ था। ग्रामीणों से भी घटना को लेकर जानकारी जुटाई गई।
फिलहाल पुलिस ने बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


