Durg Fire: दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। खारुन नदी पुल के ऊपर कोयला से भरा एक ट्रक अचानक आग की चपेट में आ गया। हादसा सुबह लगभग 9:55 बजे का है, जब ट्रक (CG-10-BH-9459) दुर्ग से रायपुर की ओर जा रहा था। पुल के बीच पहुंचते ही ट्रक के केबिन के नीचे से धुआं उठता दिखाई दिया। यह देखते ही ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रक रोक दिया और कूदकर अपनी जान बचा ली।

कुछ ही क्षणों में आग ने ट्रक के केबिन और ट्राले दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि पूरा ट्रक और उसमें भरा कोयला धू-धू कर जलने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह खाक हो चुका था।


घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है, परंतु प्रथम दृष्टया इंजन में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है। पुलिस और अग्निशमन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
