Balod Fraud: बालोद जिले में डॉक्टर से 50 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में चौथे आरोपी को नागपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इससे पहले पुलिस तीन आरोपियों को औरंगाबाद, महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है। पूरा मामला फरवरी माह का है।
जानकारी के अनुसार, डॉक्टर ने इंटरनेट पर एक शैंपू और 5 रुपये की विज्ञापन लिंक पर क्लिक किया था। इसके बाद वह एक व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ गए, जहां उन्हें ट्रेडिंग के जरिए अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। झांसे में आकर डॉक्टर ने 50 लाख रुपये इन्वेस्ट कर दिए। कुछ दिनों बाद जब डॉक्टर ने मुनाफा निकालने की कोशिश की, तो उन्हें ग्रुप से बाहर कर दिया गया और संपर्क तोड़ दिया गया।

डॉक्टर ने इसकी शिकायत बालोद पुलिस से की। मामले में साइबर फ्रॉड की पुष्टि होने पर पुलिस ने जांच शुरू की और पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। अब चौथे आरोपी को नागपुर से पकड़ा गया है। पुलिस मामले में अन्य संभावित आरोपियों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
