CG Weather Update: रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। तेज गर्मी के बीच सोमवार देर रात कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश हुई, वहीं कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
तेज हवा और ओलावृष्टि से बदला मौसम
राजधानी रायपुर सहित कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। कई जगहों पर पेड़ गिरने की खबरें भी सामने आई हैं। मोटे ओले गिरने से फसलों और आम जनजीवन पर भी असर पड़ा है।

तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। हालांकि अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे मौसम सुहाना बना रहेगा।
आज का मौसम कैसा रहेगा
17 मार्च को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है। कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है।

सबसे गर्म और ठंडा जिला
सोमवार को राजनांदगांव में सबसे अधिक तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर का मौसम
रायपुर में आज अधिकतम तापमान करीब 38°C और न्यूनतम तापमान 23°C के आसपास रहने का अनुमान है।

कई जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सरगुजा और बिलासपुर संभाग के जिलों के साथ ही राजनांदगांव, कबीरधाम, बेमेतरा, रायपुर, बलौदाबाजार, नारायणपुर और सुकमा में आंधी-तूफान और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया था।
