CG School Uniform Change: अब बदलेगा सरकारी स्कूल ड्रेस, नीले चेक शर्ट और स्लेटी पैंट में दिखेंगे बच्चे

CG School Uniform Change

CG School Uniform Change: छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में अगले शैक्षणिक सत्र 2026-27 से छात्रों की यूनिफॉर्म बदल जाएगी। अब विद्यार्थियों को नीले रंग की चेक शर्ट और स्लेटी रंग की पैंट या ट्यूनिक दी जाएगी। इससे पहले छात्रों के लिए आसमानी शर्ट और नेवी ब्लू पैंट की यूनिफॉर्म निर्धारित थी, जो अब बदली जा रही है।

पिछले सत्र में लागू नहीं हो सका था बदलाव

दरअसल, यूनिफॉर्म का यह नया पैटर्न मौजूदा सत्र से ही लागू किया जाना था, लेकिन पिछले साल सिलवाए गए गणवेश का पर्याप्त स्टॉक बचा होने की वजह से इसे टालना पड़ा। बिलासपुर और सरगुजा संभाग के स्कूलों में फिलहाल नए रंग के गणवेश बांटे जा चुके हैं। वहीं रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में अगले सत्र से नए परिधान दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुआ बदलाव (CG Government School Dress Update)

जनवरी में हुई शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यूनिफॉर्म के रंग और गुणवत्ता सुधार के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभाग ने चरणबद्ध रूप से योजना तैयार की। नई ड्रेस न केवल रंग में आकर्षक होगी, बल्कि इसकी कपड़े की गुणवत्ता भी बेहतर रखी जाएगी।

महिला स्व-सहायता समूह करेंगे सिलाई

राज्य में पहली से आठवीं तक के लगभग 29 लाख छात्रों को दो जोड़ी यूनिफॉर्म दी जाती है। यानी कुल 58 लाख गणवेश तैयार किए जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी हथकरघा विकास एवं विपणन संघ को दी गई है। यूनिफॉर्म की सिलाई का कार्य महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपा गया है। लगभग 2 हजार समूह मिलकर दिसंबर से सिलाई कार्य शुरू करेंगे।

जून तक सभी स्कूलों में पहुंचेगा ड्रेस (CG New Uniform Pattern)

हथकरघा संघ के सचिव एम.एम. जोशी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार सभी गणवेश 15 जून 2026 तक विद्यालयों तक पहुंचा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि तैयारियां दिसंबर से शुरू कर दी जाएंगी ताकि छात्रों को समय पर नई यूनिफॉर्म मिल सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *